अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा देश में रामराज्य के प्रारंभ का प्रतीक-आनंदीबेन
लखनऊ। हंगामे और शोरशराबे के बीच आज विधानसभा बजट सत्र की शुरुआत हुई। बजट सत्र के पहले दिन विधानसभा के प्रवेश द्वार से लेकर सदन तक जय श्री राम और गो बैक के नारों की गूंज सुनाई देती रही। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण के दौरान जमकर हंगामा और नारेबाजी होती रही। इन सबके बीच राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने पूरा अभिभाषण पढ़ा और शोर शराबा करते सदस्यों को जवाब दिया। राज्यपाल ने हंगामे के दौरान एक बार रुककर विपक्षी सदस्यों की ओर देखते हुए कहा-और शोर मचाइए…। इसके बाद वह फिर से अभिभाषण पढ़ने लगीं लेकिन हंगामा शांत नहीं हुआ। सदन में राज्यपाल वापस जाओ के नारे लग रहे थे। विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के सदस्य अनवरत नारेबाजी कर रहे थे। राष्ट्रीय लोकदल के सदस्य भी खड़े हो गए थे। इस पर राज्यपाल एक बार और रुकीं। इस बार उन्होंने कहा-कौन चला जाएगा…ये बाद में पता चलेगा। मैं तो जाने वाली नहीं…। इसके बाद उन्होंने अपना पूरा अभिभाषण पढ़ा। राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान सपा के सदस्य लगातार नारेबाजी और हंगामा करते रहे। सभी विपक्षी सदस्य राज्यपाल वापस जाओ के नारे लगा रहे थे। इस दौरान भाजपा के सदस्य भी शोरगुल करने लगे। राज्यपाल अपना अभिभाषण पढ़ती रहीं। राज्यपाल के जवाब देने से भाजपा सदस्य भी उत्साहित हो गए और एक स्वर में उनका समर्थन किया।राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल ने अभिभाषण की शुरुआत नए वर्ष की शुभकामनाओं के साथ की। उन्होंने विस्तार से राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा देश में रामराज्य के प्रारंभ का प्रतीक है। यूपी की कानून-व्यवस्था की तारीफ करते हुए राज्यपाल ने कहा कि इससे राज्य को बड़ा लाभ हुआ है। प्रदेश में सुदृढ़ कानून व्यवस्था और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस से निवेशक उत्तर प्रदेश में आने को लालायित हैं।उन्होंने कहा कि राज्य में एमएसएमई सेक्टर को मजबूत करने के लिए सरकार ने एक जिला एक उत्पाद योजना ओडीओपी की शुरुआत की है। सरकार ने अपराधों के नियंत्रण के लिए मजबूत कानून व्यवस्था, बिजली सप्लाई में निरंतरता पर खास ध्यान दिया है जिससे कि प्रदेश में उद्योगों को बड़ी सहायता मिल रही है। राज्यपाल ने कहा कि यूपी आज तेज गति से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। जल्द ही प्रदेश पांच हवाईअड्डों वाला प्रदेश बन जाएगा। उन्होंने अयोध्या में चल रही विकास योजनाएं गिनाई और कहा कि इन विकास परियोजनाओं से दिव्य और भव्य अयोध्या दुनिया के सामने आ रही है। अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के बाद भारत के सांस्कृतिक गौरव की पुर्नस्थापनाहुई। दीपोत्सव ने अयोध्या को नई पहचान दी है। प्राण प्रतिष्ठा के बाद बड़ी संख्या में श्रद्घालु नगर आ रहे हैं। राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर काम कर रही है। इसके लिए प्रत्येक जिले में खेलो इंडिया सेंटर की स्थापना की जा रही है। इसके साथ ही खिलाड़ियों को अलग-अलग सेवाओं में नियुक्ति पत्र दिया जा रहा है। प्रदेश में दो बार हुई इंवेस्टर्स समिट, जी20, विश्वकप 2023 के आयोजन के साथ ही प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम सकुशल संपन्न हुआ है जिसने दुनिया के सामने प्रदेश की एक नई छवि रखी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार योजनाओं के क्रियान्वयन और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए प्रदेश में रामराज्य स्थापित करने में सफल रही है।