हरदोई। शाहाबाद नगर क्षेत्र में महर्षि वाल्मीकि मंदिर की पैमाइश को लेकर नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों की चल रही हड़ताल चार दिन बाद समाप्त हो गई। महर्षि वाल्मीकि मंदिर की जगह की पैमाइश करने तथा डीएम के मौखिक निर्देश के अनुसार उस स्थान पर वाल्मीकि समाज के लिए पालिका द्वारा मैरिज हाल बनवाए जाने के आश्वासन के बाद 4 दिन से हड़ताल पर चल रहे सफाई कर्मी काम पर वापस लौट आए। सफाई कर्मियों ने आज नगर में सफाई का कार्य किया। शाहाबाद नगर क्षेत्र के मोहल्ला बस स्टैंड स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर के निकट खाली पड़ी भूमि पर नगर पालिका, राजस्व विभाग द्वारा पैमाइश किए जाने और उस स्थान पर नगर पालिका का स्टोर बनाए जाने की चर्चाओं के बाद वाल्मीकि समाज में आक्रोश व्याप्त हो गया। शुक्रवार को बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाज के सफाई कर्मचारी महर्षि वाल्मीकि मंदिर पर एकत्रित हुए और नगर पालिका प्रशासन द्वारा कराई गई पैमाइश का विरोध करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर दी। सफाई कर्मचारी लगातार नगर पालिका कार्यालय पर प्रदर्शन करके भूमि की पैमाइश करने की बात कर रहे थे परंतु उनकी अधिशासी अधिकारी या अन्य किसी अधिकारी से संतोषजनक बात नहीं हो पा रही थी। सोमवार को भाजपा नेता महेंद्र कुमार के नेतृत्व में सूरज, संजय, श्याम बाबू, राजू वाल्मीकि आदि अधिशासी अधिकारी आर आर अंबेश से मिले और पैमाइश की मांग की। अधिशासी अधिकारी ने लेखपाल के यहां वैवाहिक कार्यक्रम होने की व्यस्तता बताते हुए जल्द ही पैमाइश कराने और डीएम के निर्देशानुसार वहां पर वाल्मीकि समाज के लिए एक मैरिज हाल बनवाने का आश्वासन दिया। इसके अतिरिक्त नगर पालिका अध्यक्ष नसरीन बानो के प्रतिनिधि पति आसिफ खां ने भी जल्द पैमाइश कराने तथा वाल्मीकि समाज के लिए मैरिज हॉल बनवाने का शासन दिया। दोनों जिम्मेदारों से संतोष जनक वार्ता होने के बाद सफाई कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की। मंगलवार को सुबह से सफाई कर्मचारी कार्य पर लौटे और उन्होंने सफाई कार्य किया।
चार दिन की हड़ताल के बाद काम पर लौटे सफाई कर्मचारी
