हरदोई। वरिष्ठ कवि श्रवण कुमार मिश्र राही की द्वितीय काव्य कृति यादों के मंजर का विमोचन समारोह सरस्वती सदन में हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सदन अध्यक्ष अरुणेश वाजपेयी ने कहा कि राही जी जनपद के लोकप्रिय कवि और साहित्यकार हैं। उनकी रचनाएं आनंदित करने के साथ ही समाज को उचित राह दिखलाने में सहायक हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित वरिष्ठ साहित्यकार ब्रजराज सिंह तोमर ने कहा कि राही जी का काव्य आशावादी दृष्टिकोण लेकर चलता है। विविधता से ओत-प्रोत उनकी रचनाएं सहज ही पाठकों को आकर्षित करती हैं। विशिष्ट अतिथि प्रो. अखिलेश वाजपेयी ने कहा कि सेवानिवृत्ति के पश्चात राही जी अपनी मूल प्रवृत्ति में वापस लौट आए हैं। राही जी के गीत लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़ने का कार्य करेंगे, ऐसा मेरा विश्वास है। विशिष्ट अतिथि जमाल बाराबंकी ने कहा कि राही जी काव्य विधा में पूर्णतः पारंगत हैं। उनके सभी गीत बहुत लाज़वाब हैं। यह कृति उनके बहुआयामी चिंतन को प्रकट करती है। समारोह का संचालन सदन के मंत्री व साहित्यकार मनीष कुमार मिश्र ने तथा आभार प्रदर्शन कृतिकार के सुपुत्र अनुराग मिश्र ने किया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से सीमा गुप्ता असीम, आलम रब्बानी, श्रवण तिवारी, सरिता अग्रवाल, अविनाश चंद्र गुप्ता, अनूप पुरी, विनय मिश्रा, बुद्धि सागर शुक्ल, सीमा मिश्रा, रामदयाल वर्मा, अभिनव दीक्षित, अखिलेश गुप्ता, डॉ. सुरेश अग्निहोत्री, उत्तम कुमार तिवारी, अशोक वाजपेई सजल, बालेश्वर मिश्र, अनमोल शुक्ल, अखिलेश पांडेय, सच्चिदानंद पाण्डेय,,सर्वेश पाण्डेय, अंजली मिश्रा, अंकिता मिश्रा, सुमित पांडे, अखिलेश सिंह, शीलू शुक्ल, महेश मिश्र आदि उपस्थित रहे।