हरदोई। एक शराबी पति ने मायके में रह रही अपनी पत्नी को गाली गलौज करते हुए मारा-पीटा और पैसे की मांग की। मारपीट से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। घटना की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शर्मा निवासी प्रतिभा पुत्री हरिराम के अनुसार 13 मई 2011 को पचदेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम देवन्नापुरा निवासी राम लखन पुत्र रामाधीन राठौर के साथ उसका विवाह हुआ था। उसके पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज भी दिया। विवाह के पश्चात उसके एक पुत्र केशव उम्र 10 वर्ष, एक पुत्री पलक उम्र 7 वर्ष है। बकौल प्रतिभा उसका पति अक्सर शराब पीकर उसे मारता पीटता और घर से भगाता रहता है। वर्ष 2016 में उसने महिला थाने पर एक मुकदमा भी पंजीकृत कराया था परंतु नाते रिश्तेदारों के कहने पर वह दोबारा अपनी ससुराल चली आई लेकिन ससुराल में उसे खाने के लिए मात्र 8 किलो गेहूं ही दिए जाते थे जिससे वह अपना पेट नहीं पाल पा रही थी और 3 वर्ष पहले उसके पिता का भी देहांत हो गया। मजबूरन वह अपने मायके चली गई। 26 अक्टूबर को 3:30 बजे उसका पति राम लखन मायके आया और गाली गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की जिससे उसे काफी चोटें आई हैं और पैसे की मांग करने लगा। प्रतिभा ने आज शाहाबाद कोतवाली में पति के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
मायके में शराबी पति ने पत्नी को पीटा, रिपोर्ट दर्ज
