हरदोई। भाजपा मुख्यालय पर प्रदेश के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल और पार्टी पदाधिकारियों की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं ने मनाया 45वां स्थापना दिवस। कार्यक्रम का संचालन नगर अध्यक्ष अजीत उपाध्याय ने किया।
स्थापना दिवस कार्यक्रम में पार्टी के नए पुराने कार्यकर्ताओं का संगम देखने को मिला। पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष रामौतार शुक्ला, राजीव रंजन मिश्र, राम बहादुर सिंह, रामकिशोर गुप्ता गुड्डू, वरिष्ठ भाजपा नेता इंद्रेश्वर नाथ गुप्ता, वीरेंद्र बाजपेई, प्रेमपाल लोहिया, सुमन सिंह, अरविंद सिंह भालोद, उमेश अग्रवाल, सुशील अवस्थी मंच पर उपस्थित रहे।
स्थापना दिवस पर बोलते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि पार्टी का दो संख्या से शुरू हुआ सफर जनता के आशिर्वाद से चार सौ के पार लगने जा रहा है। यह पार्टी और कार्यकर्ताओं की मेहनत का फल है। देश और जनता की सेवा का मनोरथ जो पार्टी के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय और भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेई ने लिया था, उसे धरातल पर उतारने का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के सशक्त नेतृत्व में भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी, भारत को विश्व की पांचवी अर्थव्यवस्था का तमगा मिला, भारत में आयोजित जी 20 सम्मेलन में आए विश्व बिरादरी ने नए भारत की आर्थिक प्रगति और सनातन संस्कृति का लोहा माना। कोरोना जैसी वीभत्स आपदा में भारत ने स्वनिर्मित वैक्सीन का निर्माण किया। मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के संदेश को मुहिम बनाकर देश की प्रगति का आयाम बनाया। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी का नेतृत्व भारत का सुनहरा युग है।
आगामी लोकसभा चुनावों पर बोलते हुए आबकारी मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी के नेतृत्व में प्रदेश 80 सीटों को जीतने जा रहा है। कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की नींव कार्यकर्ताओं की मेहनत से पड़ी और आज उसी नींव पर देश में तीसरी बार चार सौ पार के संकल्प को पूरा करते हुए बुलंद इमारत खड़ी करनी है। पीएम मोदी की गारंटी पर बोलते हुए कहा कि मोदी ने जो कहा उसे समयबद्ध चरण में पूरा करके दिखाया। जनता अब तक अटकाना और लटकाना की राजनीति को देखती आई थी, मोदी की राजनीति को देख उसे मोदी की गारंटी पर विश्वास हुआ। पीएम मोदी ने अपना एक एक पल सभी चार जातियों गरीब, युवा, महिला, किसान के कल्याण में लगाया। उज्जवला योजना से लेकर किसान सम्मान निधि, लखपति दीदी, विश्वकर्मा योजना, स्वच्छ भारत, जन औषधि, पीएम आयुष्मान योजनाओं ने सभी वर्गों का विकास करने का काम किया।
जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने हरदोई ग्रामीण मंडल में पार्टी की स्थापना दिवस कार्यक्रम को मनाया। जिले के सभी सांसद व विधायक गण अपनी विधानसभा के मंडलों के स्थापना दिवस कार्यक्रम में मौजूद रहे।