रिपोर्ट: शोभित मिश्र
हरदोई के पाली नगर में वुधवार को बीजेपी के होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सांसद जयप्रकाश, विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह रानू व पार्टी जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान मोदी सरकार की 10 वर्षों की उपलब्धियां गिनाते हुए बक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से पीएम मोदी की राम-राम घर घर तक पहुंचाने को कहा ।
होली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद व लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी जयप्रकाश रावत ने कहा कि जनता ने उन्हें 6 बार लोकसभा भेजने का काम किया, इस दौरान नए संसद भवन में बैठने का मौका मिला, कई महत्वपूर्ण ऐतिहासिक फैसलों का गवाह बना। भाजपा प्रत्याशी ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए खुद को जनता से जिताने की अपील की। विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह रानू ने कहा कि विपक्ष को लगता था कि मोदी अकेला है आज मोदी का परिवार देखकर विपक्षी नेताओं को नींद नहीं आ रही। उन्होंने कहा कि आज जो लोग मोदी के परिवार में शामिल हुए हैं उनके मान-सम्मान का ध्यान रखा जाएगा। विधायक श्री सिंह ने कांग्रेस व सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि एक ने देश को और दूसरे ने प्रदेश को लूटने का काम किया। मोदी ने विश्व पटल पर भारत को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित किया, आज भारत अन्य देशों की पंचायत करता है। विश्व में आज तिरंगे की अहमियत बढ़ी है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी जयप्रकाश रावत को ऐतिहासिक वोटों से जिताकर भेजने की अपील की।
जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि सारे गिले शिकवे भुलाकर जयप्रकाश रावत को जिताना हैं, एक-एक वोट कीमती हैं, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता खुद को स्टार प्रचारक समझकर जनता के बीच घर-घर जाए। भाजपा प्रत्याशी को ऐतिहासिक वोटों से जिताएं।