शाहाबाद हरदोई। बीते कुछ दिनों से हो रही भीषण ठंड से जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। हर कोई ठंड में ठिठुर रहा है, ऐसे में बहुत से गरीबों के पास गर्म कपड़े और कंबल तक नहीं हैं। इसको देखते हुए थाना पिहानी अंतर्गत पीआरवी पर तैनात कांस्टेबल राधाकृष्ण यादव ने अपने वेतन से 15 कंबल खरीदे और गरीब जरूरतमंदों को कंबल भेंट किए। कंबल पाकर क्षेत्रीय लोगों ने कांस्टेबल को दुआएं दीं।पिहानी थाना क्षेत्र में पीआरवी 6295 पर तैनात कांस्टेबल राधाकृष्ण यादव ने बुधवार को गरीबों को कंबल देने के बाद बताया कि वह किसी भी व्यक्ति को परेशान और दुखी नहीं देख सकते हैं, बीते कुछ दिनों से हो रही हाड़ कंपाने वाली ठंड में उन्होंने लोगों को ठंड में ठिठुरते देखा तो उनकी इच्छा हुई कि वह इन लोगों की कुछ सहायता करें। उन्होंने अपने वेतन से 15 कंबल खरीदे और ऐसे लोगों को चिन्हित किया जिनके पास कंबल और गर्म कपड़े नहीं हैं, जिसके बाद उन्हें कंबल भेंट किए। उन्होंने बताया कि गरीबों की मदद करके उन्हें आत्म संतुष्टि प्राप्त होती है। राधाकृष्ण यादव ने कहा कि हर सक्षम व्यक्ति को गरीबों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।
पीआरबी कांस्टेबल ने वेतन के पैसे से कंबल खरीद कर गरीबों को बांटे
