हरदोई। एडीएम प्रियंका सिंह पिहानी के जतन गंज पुल के नीचे चल रहे भाकियू के धरने में पहुंची और किसान नेताओं से मिलीं। एडीएम ने किसान नेताओं को समस्याओं के निस्तारण का भरोसा दिया है।
बता दें कि टेनी गांव की चकबंदी प्रक्रिया को निरस्त कराने को लेकर भारतीय किसान यूनियन का धरना प्रदर्शन बीती 9 अक्टूबर से लगातार चल रहा है। धरने के आज 60 वें दिन एडीएम प्रियंका सिंह ,उप संचालक चकबंदी ज्ञानेश त्रिपाठी व कोतवाल पिहानी संजय त्यागी पहुंचे। अधिकारियों व किसान नेताओं संगठन मंत्री श्यामू शुक्ला,राहुल मिश्रा आदि के बीच वार्ता हुई। वार्ता के दौरान किसानों ने एडीएम प्रियंका सिंह से टेनी गांव की चकबंदी में हुई अनियमिताओं को लेकर विधिवत वार्ता कर समस्याओं से अवगत कराया व चकबंदी निरस्त करने की मांग की। वार्ता के दौरान संगठन मंत्री श्यामू शुक्ला ने कहा टेनी की चकबंदी में किसानो का शोषण करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही की जाएं व गांव में दल बंदी गुट बंदी होने के चलते धारा 6 का अनुपालन कर चकबंदी प्रक्रिया निरस्त कर किसानो के साथ न्याय किया जाए।
किसान नेता राहुल मिश्रा ने कहा कि चकबंदी निरस्तीकरण को लेकर बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी पीसी उत्तम के द्वारा किसानों व अधिकारियों को भ्रामक सूचनाओं का आदान प्रदान किया गया जिसको लेकर किसानों में आक्रोश व्याप्त है । एडीएम ने कहा कि वे जिलाधिकारी को रिपोर्ट पेश कर किसानों के द्वारा चल रहे धरना प्रदर्शन के बारे में अवगत कराएंगी।