शाहाबाद हरदोई। उत्तर प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी के समक्ष आज नगर क्षेत्र के खेड़ा बीबीजयी, अख्तियारपुर एवं वाजिद खेल में आयोजित समारोह में 700 लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी में आस्था व्यक्त की और आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी को बहुमत से जिताने का संकल्प लिया। प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा मंत्री रजनी तिवारी, सांसद एवं प्रत्याशी जयप्रकाश रावत, प्रभारी आजाद भदौरिया एवं जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन रविवार को नगर के अख्तियारपुर, खेड़ा बीबीजयी, वाजिद खेल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। इन तीनों कार्यक्रमों में लगभग 700 लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी के प्रति आस्था प्रकट की। इस मौके पर उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने कहा भारतीय जनता पार्टी एकमात्र विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। पार्टी की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यशैली से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा अन्य दलों के लोग अपना भविष्य देखकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा आज जिन लोगों ने पार्टी में आस्था व्यक्त की है पार्टी उन सभी लोगों का सम्मान बरकरार रखेगी। उन्होंने शामिल होने वाले सभी लोगों से पार्टी के साथ निष्ठा रखते हुए कार्य करने की अपील की। इस मौके पर कार्यालय प्रभारी सुभाष रस्तोगी, ब्लॉक प्रमुख त्रिपुरेश मिश्र, टोडरपुर ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि श्यामू त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उच्च शिक्षा मंत्री के समक्ष 700 लोग भाजपा में शामिल
